Wednesday , March 22 2023
गणतंत्र दिवस परेड में अयोध्या राम मंदिर मॉडल की झांकी को मिला पहला स्थान
गणतंत्र दिवस परेड में अयोध्या राम मंदिर मॉडल की झांकी को मिला पहला स्थान

गणतंत्र दिवस परेड में अयोध्या राम मंदिर मॉडल की झांकी को मिला पहला स्थान

लखनऊ। राजधानी दिल्ली में 72 वें गणतंत्र दिवस की परेड में उत्तर प्रदेश की श्रीराम मंदिर मॉडल की झांकी को प्रथम स्थान मिला है। दिल्ली के राजपथ परेड में शामिल हुई सभी झांकियों में उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बन रहे श्रीराम मंडल मंदिर मॉडल पर निकाली गई झांकी विजेता रही। यूपी के सूचना निदेशक शिशिर ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। दिल्ली में केंद्रीय मंत्री किरण रिजीजू ने अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल को विजेता पुरस्कार दिया।

राजपथ पर निकाली गई उत्तर प्रदेश की झांकी के पहले हिस्से में भगवान वाल्मीकि की एक बड़ी प्रतिमा के साथ ग्रंथ रखा गया था। उसके बार मंदिर का मॉडल दिखा, यहीं नहीं झांकी में एक ओर मिट्टी के बने दीये जगमगा रहे थे। जो कि अयोध्या के दीपोत्सव के प्रतीक थे। वहीं, अन्य चित्रों (वॉल पेंटिंग्स) में भगवान राम द्वारा निषादराज को गले लगाते और शबरी के जूठे बेर खाते, अहिल्या का उद्धार, हनुमान द्वारा संजीवनी बूटी लाया जाना, जटायु-राम संवाद, लंका नरेश की अशोक वाटिका और अन्य दृश्यों को दिखलाया गया।

प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में बन रहे भव्य और दिव्य मंदिर का वैभव इस बार दिल्ली में राजपथ के जरिये पूरी दुनिया ने देखा। जैसे ही यह झांकी राजपथ पर गुजरी हर किसी का मन मोह गया। कई लोग खड़े होकर तालियां बजाने लगे तो कई लोग अपनी जगह पर हाथ जोड़कर खड़े हो गए। पीएम नरेंद्र मोदी के चेहरे पर भी मंदिर का मॉडल देखकर एक चमक आ गई। पिछले वर्ष अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबके हैं राम का संदेश भी दिया था।

केंद्रीय मंत्री ने दिया पुरस्कार

केंद्रीय मंत्री किरण रिजीजू ने प्रथम स्थान पाने वाली झांकी का पुरस्कार उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल व सूचना निदेशक शिशिर समेत पूरी टीम को दिया। दिल्ली में आयोजित इस सम्मान समारोह में सभी ने भाग लिया था।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी पोस्ट की तस्वीर

बता दें कि दिल्ली में गणतंत्र दिवस के दिन राजपथ पर राम मंदिर मॉडल की झांकी जैसे पहुंची इसका वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर छा गईं। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी झांकी की तस्वीर अपने ट्विटर पर पोस्ट की। सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि जहां अयोध्या सियाराम की, देती समता का संदेश, कला और संस्कृति की धरती, धन्य-धन्य उत्तर प्रदेश।

प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या का वैभव

गणतंत्र दिवस पर यूपी की ओर से निकाली गई झांकी को लेकर उत्तर प्रदेश सरकारी के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया कि राजपथ, नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड के सुअवसर पर आज देश विभिन्न संप्रदायों की आस्था के प्रतीक प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या के वैभव से अवगत हुआ। उत्तर प्रदेश की ओर से प्रस्तुत की गई झांकी में सामाजिक सद्भाव व सांस्कृतिक विरासत के उत्कृष्टतम उदाहरण की झलक दिखी।

Leave a Reply