पटना: बिहार में संपन्न हुए चुनावों के बाद आज मंगलवार को वोटों की गिनती जारी है। ऐसे में सभी की नजरें बिहार चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं। बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटें हैं जिन पर तीन चरणों में हाल ही में वोटिंग हुई थी। इस बार एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है। फिलहाल सामने आ रहे रुझानों में एनडीए और महागठबंधन के बीच वोटों का बहुत ही कम अंतर है। फिलहाल एनडीए आगे चल रही है। एक्जिट पोल की मानें तो महागठबंधन को इसमें बढ़त मिली थी और यदि आज की मतगणना में एक्जिट पोल सही साबित हुए तो राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव का सीएम बनना पक्का है।
बिहार चुनाव 2020 विजेता उम्मीदवार LIVE
रानीगंज में राजद उम्मीदवार अविनाश मंगलम 18,380 वोटों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं।
लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे और राघोपुर सीट से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव आगे चल रहे हैं। वहीं, उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव हसनपुर से प्रत्याशी हैं और फिलहाल वो पीछे चल रहे हैं।
बोधगया सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने बढ़त बनाई हुई है। यहां से भाजपा प्रत्याशी हरि मांझी को 26,178 वोट मिले हैं, जबकि आरजेडी नेता कुमार सर्वजीत को 21710 मत मिले हैं।
बांकीपुर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नितिन नवीन लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं कांग्रेस की तरफ से यहां से चुनाव लड़ रहे अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा पीछे चल रहे हैं।
संदेश और बड़हरा विधानसभा सीटों पर महागठबंधन आगे चल रहा है। संदेश में 1648 वोटों के साथ महागठबंधन की किरन देवी जबकि बड़हरा सीट पर महागठबंधन के सरोज यादव 3305 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं।
केसरिया विधानसभा क्षेत्र से जदयू की शालिनी मिश्रा आगे चल रही हैं।