बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से बीजेपी विधायक सुरेन्द्र सिंह अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर विवादों से घिरे रहतें हैं। अब विधायक सुरेन्द्र सिंह कांग्रेस नेता और पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर एक बार फिर विवादित बयान दिया है। सुरेन्द्र सिंह ने राजस्थान के करोली में मन्दिर के पुजारी पंडित बाबूलाल वैष्णों को दबंगों द्वारा जिंदा जलाने की घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि हाथरस की घटना पर घड़ियाली आंसू बहाने वाले राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ने गरीब ब्राह्मण के निर्मम हत्या पर संवेदना तक नही जताया, बल्कि चुप्पी साध लिया है। मानो किसी मंदिर के पुजारी को जिंदा जलाकर मार देना आम घटना है। विधायक सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि देश की जनता राहुल व प्रियंका को माफ नहीं करेगी। एक घटना पर आन्दोलन और दूसरी घटना पर चुप्पी साध लेना कहां का न्याय है।
राहुल व प्रियंका है हिन्दू विरोधी
भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह ने स्पष्ट किया कि राहुल व प्रियंका हिन्दू विरोधी मानसिकता के हैं। इनका प्रयास है कि किसी भी तरह हिंदुस्तान को इस्लामिक राष्ट्र बना दिया जाय। इन लोगों का कभी भी भारतीय संस्कृति व संस्कार से सरोकार नहीं रहा है ये विदेशी हैं अगर ये अपने मिशन में सफल नहीं हुए तो इटली चले जायेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
आगे बोलते हुए उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के प्रदेश के यादव भले सपा का समर्थन करते हों किन्तु अगर सपा को यादव व मुस्लिम में चुनना होगा तो मुस्लिम को चुन लेंगे। विधायक ने मऊ में हुए दंगे का स्मरण कराते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव थे उस समय मऊ दंगे में सैकड़ों यादव बन्धु मारे गए थे। किंतु मुख्यमंत्री की तो बात दूर सपा सरकार का कोई मंत्री भी संवेदना व्यक्त करने नहीं पहुचा था।
आतंकवादी है मुख्तार अंसारी
विधायक सुरेन्द्र सिंह ने सोमवार को बैरिया में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान कौमी एकता दल के नेता मऊ के विधायक मुख्तार अंसारी को विधायक ने आतंकवादी बताते हुए कहा कि पाकिस्तान व अन्य दूसरे मुल्क के सहयोग से यहां इस्लाम को मजबूत करने का काम कर रहा है। किंतु इसे सफल नही होने दिया जाएगा। हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हमारी सरकार का ध्यान इन पर भी है इन्हें रास्ते पर लाने का प्रयास चल रहा है, परिणाम जल्दी ही आप लोगों के सामने होगा।