लखनऊ। यूपी विधान परिषद के चुनाव में बीजेपी के दस और सपा के दोनों प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को पर्चा दाखिल करने वाले निर्दलीय महेश चंद्र शर्मा के पास कोई भी प्रस्तावक न होने से नामांकन पत्र खारिज हो गया। उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में शपथ पत्र में दी गई जानकारी के अनुसार, सरकारी नौकरी छोड़कर सियासी पारी शुरू करने आए सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी और पीएम मोदी के करीबी माने जाने वाले अरविंद कुमार शर्मा के पास आधा दर्जन से अधिक प्लाट व मकान हैं। अरविंद शर्मा के पास 10 करोड़ 51 लाख 6 हजार 423 रुपए की संपत्ति है।
हथियार का है शौक़ीन
मऊ स्थित गांव से लेकर अहमदाबाद, नोएडा और लखनऊ में करोड़ों रुपये की संपत्ति उनके और पत्नी किरन शर्मा के नाम पर है। इसके बावजूद उनके पास खुद की कार तक नहीं है। हां, हथियार का शौक जरूर है। उनके पास एक पिस्टल भी है। 2 साल पहले ही नौकरी छोड़कर राजनीति में कदम रखने वाले अरविंद शर्मा के पास 10 करोड़ 51 लाख 6 हजार 423 रुपए की कीमत के आधा दर्जन से ज्यादा प्लाट व मकान हैं। उनके पास पैतृक गांव मऊ, लखनऊ, नोएडा, गांधीनगर अहमदाबाद में आधा दर्जन से अधिक संपत्तियां हैं।
विधान परिषद चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करते हुए शर्मा ने उनके पास 5 करोड़ 99 लाख रुपए और पत्नी के पास चार करोड़ 40 लाख 50 हजार की अचल संपत्ति होने की जानकारी दी है। उनके पास एक करोड़ 7 लाख 37 हजार 742 रुपए और उनकी पत्नी के पास 41 लाख 86 हजार 881 रुपये की चल संपत्ति है।
उनकी पत्नी पर भी 17 लाख रुपए का है कर्ज
शर्मा के पास मात्र ढाई हजार और उनकी पत्नी के पास साढ़े सात हजार रुपए नगद है। शर्मा के पास एक लाख कीमत की पिस्तौल है। उनके पास सोने की तीन अंगूठी है। वहीं 440 ग्राम का सोने और एक किलो चांदी के जेवरात हैं। शर्मा के पास मऊ जिले में पैतृक गांव काजाखुर्द में 3.96 एकड़ जमीन, गांधीनगर गुजरात में 451 वर्ग गज का आवासीय प्लॉट, अहमदाबाद शिवालिक बिजनेस सेंटर में 975 वर्ग फिट का कॉमर्शियल परिसर, नोएडा ओमेक्स सिटी में 1874.21 वर्ग फिट का प्लाट और तालुक सिटी अहमदाबाद में 1237.5 वर्ग फिट का प्लाट है। अहमदाबाद में एक 522 वर्ग फीट का फ्लैट भी है, सरोजनी नगर लखनऊ में 4380 वर्ग फिट का प्लाट है। वही शर्मा पर विभिन्न बैंकों का 60 लाख 82 हजार 949 रुपए का कर्ज भी है। उनकी पत्नी पर भी 17 लाख रुपए का कर्ज हैं।