नई दिल्ली : नए साल के मौके पर भारत के लिए एक अच्छी खबर है। एक जनवरी को अस्थायी सदस्य के तौर पर भारत को अंतरराष्ट्रीय संस्था संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में शामिल किया गया है। इसके बाद अब यूएनएससी में भारत दो साल तक सदस्य रहेगा। यूएनएससी के साथ भारत की सदस्यता पर फ्रांस ने इस फैसले का स्वागत किया। भारत में फ्रांसीसी राजदूत इमैनुएल लेनिन ने कहा, ‘हम अंतरराष्ट्रीय कानून को बनाए रखने, आतंकवाद से लड़ने और बहुपक्षवाद का बचाव करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम करने के लिए उत्सुक हैं। इसके लिए हमें यूएनएससी में कुछ सुधारों की भी आवश्यकता है जिससे भारत को एक स्थायी सदस्यता मिल सकेगी।’
बता दें कि यूएनएससी में पांच स्थायी सदस्य और दस अस्थायी सदस्य होते हैं। भारत को अस्थायी सदस्य के तौर पर यूएनएससी में आठवीं बार सीट मिली है। इससे पहले भारत ने सुरक्षा परिषद में व्यापक सहयोग की जरूरत को रेखांकित करते हुए कहा था कि अस्थायी सदस्य के तौर पर भारत अपने कार्यकाल में मानवाधिकारों और विकास जैसे बुनियादी मूल्यों को बढ़ावा देगा। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत टीएस तिरुमूर्ति ने कहा कि भारत का जोर बहुपक्षवाद पर भी रहेगा।