कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। इसकी बात की सूचना बाइक चला रहे उसके भाई को हुई तो वह अपने आपको संभाल नहीं सका। उसकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार वालों में गम का माहौल है।
पिपरी कोतवाली इलाके के कादिलपुर गांव निवासी रामचरन मजदूरी करते हैं। उनके दो पुत्र हैं। 28 वर्षीय सुनील और 32 वर्षीय अनिल राजगीर हैं। रामचरन के मुताबिक रविवार की शाम खाना खाने के बाद सुनील अपने कमरे में सोने के लिए चला गया। इस बीच धन्नी के सहारे रस्सी के फंदे पर लटक कर खुदकशी कर ली। स्वजनों ने सोमवार की सुबह सुनील का शव फंदे पर लटकता देखा।
घटना से स्वजन गमगीन हो उठे। उधर बाइक से किसी काम से कादिलपुर चौराहा गए सुनील के बड़े भाई अनिल कुमार को घटना की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। इस बीच हड़बड़ाहट में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से भिड़ गई। हादसे में उसका दाहिना पैर टूट गया। आसपास के लोगों ने अनिल को उठा कर प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पंचनामा के बाद स्वजनों की मांग पर सुनील के शव उन्हें सौंप दिया।