मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत हाल में मुंबई पहुंची। मुंबई पहुंचने के बाद कंगना एक दिन बाद ही भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच मंगलवार के दिन मुंबा देवी और सिद्धि विनायक मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं। इस दौरान कंगना ने मीडिया से भी बात की और सवालों के जवाब भी दिए। कंगना ने मंदिर से निकलकर कहा कि मुंबई में रहने के लिए मुझे सिर्फ गणपति बप्पा के परमिशन की जरूरत है और किसी से परमिशन लेने की मुझे जरूरत नहीं है। बता दें कि शिवसेना नेता संजय राउत की पत्नी को ईडी का नोटिस मिला है।
सिद्धि विनायक और मुंबा देवी में कंगना के साथ उनकी बहन रंगोली, भाई अक्षत और उनकी पत्नी रितु भी मौजूद थीं। कंगना मंदिर में बिल्कुल मराठी वेशभूषा में पहुंची थीं। कंगना ने मंदिर से निकलने के बाद मीडिया के सामने ‘गणपति बप्पा मोरया’ के नारे भी लगाए। मालूम हो कि कंगना रनौत तब चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने मुंबई की तुलना पीओके से की थी।
उन्होंने कहा था कि वो मुंबई में सुरक्षित महसूस नहीं करती हैं। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार के कई मंत्रियों ने उन पर निशाना साधा था। कंगना का बीएमसी के साथ विवाद भी काफी खबरों में रहा।कंगना ने इस बारे में ट्वीट भी किया। ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘अपने प्यारे शहर मुंबई के लिए खड़े होने के लिए मैंने जितने विरोध का सामना करना पड़ा उससे मैं चौंक गई। आज मैं मुंबा देवी और श्री सिद्धिविनायक जी गई और आशीर्वाद लिया। मैं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हूं। जय हिंद जय महाराष्ट्र।’