Friday , September 29 2023

पेजावर मठ के प्रमुख विश्वेश तीर्थ स्वामी का निधन,पीएम ने जताया शोक

रविवार को कर्नाटक के उडुपी में स्थित पेजावर मठ के प्रमुख विश्वेश तीर्थ स्वामी का
निधन हो गया है। पिछले कई दिनों से स्वामी की तबीयत गंभीर बनी हुई थी। ऐसी स्थिति में उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर भी रखा गया था।

आपको बता दें कि आज विश्वेश तीर्थ स्वामी को केएमसी अस्पताल से मठ ले जाया गया था और मठ में उनका इलाज जारी रहने की बात कही गई थी। जहां उनका आज निधन हो गया। इसकी पुष्टि उडुपी के विधायक के रघुपति भट ने की।

वहीं पीएम मोदी ने ट्वीट कर स्वामी जी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि मैं खुद को धन्य मानता हूं कि मुझे श्री विश्वेश तीर्थ स्वामीजी से सीखने के कई अवसर मिले। हाल ही में गुरु पूर्णिमा के पुण्य दिवस पर मुलाकात भी यादगार रही। उनका त्रुटिहीन ज्ञान हमेशा बना रहा। उनके अनुयायियों के प्रति मेरी शोक संवेदना है।

गृहमंत्री अमित शाह ने भी स्वामी जी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि स्वामीजी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ स्वामीजी के विचार हमेशा मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनका निधन आध्यात्मिक दुनिया के लिए बड़ी क्षति है।