उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक कांप रहा है। पाले और कोहरे ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है।वहीं मौसम विभाग की मानें तो अगले दो से तीन दिन तक राहत के आसार नहीं है। सुबह से ही मैदान के कई इलाकों में घने कोहने ने परेशानी बढ़ा दी है। पहाड़ में पाला पड़ने से भी ठंड में इजाफा हुआ है।
वहीं, इस साल के आखिरी दिन प्रदेश का मौसम मेहरबानी कर सकता है। मौसम विभाग मान रहा है कि 31 दिसंबर और एक जनवरी को प्रदेश भर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रह सकता है। इसके चलते हल्की बारिश और उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
आपको बता दें कि अल्मोड़ा में सुबह-शाम शीत लहर और हाड़कंपाती ठंड से लोग बेहाल हैं। शनिवार को यहां न्यूनतम तापमान दो और अधिकतम 14 डिग्री रिकार्ड किया गया। उधर, गाजियाबाद में कोहरा होने से हिंडन एयरपोर्ट से विमान नैनीसैनी नहीं आ सका। हेरिटेज एविएशन के हेलीकॉप्टर ने भी पिथौरागढ़ और देहरादून के केवल दो चक्कर लगाए, जिनमें कुल 13 यात्रियों ने सफर किया।