बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती का आज 64वां जन्मदिन है।अपने जन्मदिन पर मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से जनकल्याणकारी दिवस के रूप में अपना जन्मदिन मनाने का आह्लान किया। मायावती ने बसपा प्रदेश मुख्यालय पर अपने 64 वें जन्मदिन पर पार्टी की ‘ब्लू बुक’ मेरे संघर्षमय जीवन व बीएसपी मूवमेंट का सफरनामा के 15 वें संस्करण का विमोचन किया। उन्होंने इसका अंग्रेजी संस्करण भी जारी किया। इसी तरह जिला स्तर पर बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
आपको बता दें कि मायावती ने मोदी सरकार पर हमला भी किया है। मायावती ने कहा कि मोदी राज में अर्थव्यवस्था बीमार हालत में है। उन्होंने कहा कि 130 करोड़ लोगों के सामने रोजाना रोजी-रोटी का संकट हो रहा है। देशभर में भयंकर गरीबी और बेरोजगारी व्याप्त है। आगे उन्होंने कहा कि देशभर में उद्योग धंधे चौपट हो गए हैं। बुरी तरह प्रभावित होने के चलते देश में अर्थव्यवस्था बीमार हालत में पहुंच गई है।
मायावती ने कहा कि भाजपा की इन्हीं कमियों के चलते कांग्रेस इसका फायदा उठा रही है। बहुजन समाज पार्टी इन हालातों को लेकर काफी चिंतित है। पूरे देश में किसानों की हालत खराब है। भाजपा की केंद्र और राज्य की सरकार गरीबों के खिलाफ ही काम कर रही है। बसपा देश की गरीब जनता के साथ है।