Friday , September 29 2023

जेपी नड्डा की अध्यक्ष पद पर आज होगी ताजपोशी

भाजपा के कार्यकरी अध्यक्ष जेपी नड्डा की पार्टी अध्यक्ष पद पर ताजपोशी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस कार्यक्रम में अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी समेत कई बड़े नेता मौजूद है। वहीं परीक्षा पर चर्चा के बाद पीएम दोपहर बाद पार्टी मुख्यालय पहुंचेंगे। निर्वाचण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पीएम मुख्यालय में ही कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

आपको बता दें कि नड्डा का चयन साढ़े पांच साल के लिए किया जाएगा। नड्डा से पहले अमित शाह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। केंद्रीय गृह मंत्री बनने के बाद उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था।

जेपी नड्डा की पत्नी मल्लिका ने कहा, ‘हम सभी के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण दिन है। परिवार, बिलासपुर और हमारे हिमाचल प्रदेश राज्य सहित हर कोई आज बहुत खुश है क्योंकि यह इतने छोटे राज्य के एक व्यक्ति को दी जा रही बड़ी जिम्मेदारी है।’

जेपी नड्डा अपने परिवार के साथ 1977 से 1979 तक रांची में रहे। उनके पिता रांची विश्वविद्यालय के कुलपति व पटना विवि के प्रोफेसर थे। जेपी नड्डा आंदोलन से सुर्ख़ियों में आये l 1975 में जेपी आंदोलन में भाग लेने के बाद जगत प्रकाश नड्डा बिहार में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में शामिल हुए। उसके बाद 1977 में छात्र संघ का चुनाव लड़ा और सचिव बने थे। पटना से स्नातक के बाद नड्डा ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की। 1983 में पहली बार हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में वह विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष चुने गए।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचने वाले जगत प्रकाश नड्डा 1993 में हिमाचल विधानसभा चुनाव लड़ने के बाद भाजपा विधायक दल के नेता बने थे। 1998 में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद नड्डा को पार्टी सीएम बनाना चाह रही थी लेकिन उनके पीछे हटने से प्रेम कुमार धूमल का नाम प्रस्तावित किया गया। 2009 में मंत्री पद छोड़कर वह दिल्ली चले गए।