लखनऊ। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को एक बार फिर यूपी पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस ने अजय लल्लू को गुरुवार दोपहर बाराबंकी से हिरासत में लिया है। वो फैजाबाद में भूमि अधिग्रहण से पीड़ित किसानों से मुलाकात करने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए गिरफ्तार किया है। वहीं लल्लू का कहना है कि यूपी सरकार कितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन वो हमेशा सच का साथ देते रहेंगे।
वहीं पुलिस ने पीसीसी सदस्य राजेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा, सुनील पाठक, यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव शरद शुक्ला व यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील तिवारी को नजरबंद कर दिया है। उक्त सभी लोगों के आवास पर भारी पुलिस बल तैनात है।
दरअसल आज लल्लू धरमपुर व रायबरेली फोरलेन के किनारे रह रहे पीड़ित किसानों से मुलाकात करने वाले थे। श्रीराम एयरपोर्ट के विस्तारीकरण व रायबरेली फोरलेन के किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। इसी मुद्दे पर लल्लू किसानों से बातचीत करते।
इसी क्रम में वो अयोध्या जा रहे थे, जब पुलिस ने उन्हें हाईवे पर चौपुला के पास रोक लिया। इस दौरान उनको हिरासत में लेकर डाक बंगले लाया गया, जहां वह अंदर अधिकारियों से वार्ता कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष के रोके जाने की सूचना पर वहां काफी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता एकत्र हो गए हैं, जबकि अफसरों का कहना है कि उनको अयोध्या के अलावा और कहीं नहीं जाने दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें
पेश है Oppo का क्वाड-कैमरा से लैस F17 और F17 Pro,जानिए क्या है ख़ास