पटना: जनवरी 2020 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए जेपी नड्डा ने शनिवार को पटना के वीरचंद्र पटेल पथ स्थित पार्टी ऑफिस में नेताओं और कार्यकर्ताओं को बिहार विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र दिया। इस मौके पर उन्होंने एनडीए में एकजुटता होने की बात कही। नड्डा ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम चुनाव लड़ेंगे और विजयी होंगे। जदयू, बीजेपी, लोजपा और हम एनडीए के सभी घटक एक साथ हैं। नड्डा ने अपने भाषण को आत्मनिर्भर बिहार पर केंद्रित रखा।
राजद का जिक्र करते हुए कहा कि आप लोग चाहते होंगे कि मैं राजद पर बात करूं। राजद को हमलोगों से अधिक बिहार की जनता जानती है। बिहार की जनता ने हमें ताकत दी है, इसलिए बिहार को बदलने की जिम्मेदारी भी हमलोगों की है। हमें इस दिशा में काम करना है।
नड्डा ने कहा आत्मनिर्भरता से ही बदलेगी बिहार की तस्वीर
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का नारा दिया है। इसी तर्ज पर बिहार में भाजपा ने आत्मनिर्भर बिहार अभियान की शुरुआत की है। आत्मनिर्भर बनने से ही बिहार की तस्वीर और तकदीर बदलेगी। बिहार का मखाना, लीची और आम जैसे प्रोडक्ट पूरी दुनिया में मशहूर है। हमें इसमें वैल्यू एडिशन करना है।
नरेंद्र मोदी सरकार ने इसके लिए पैकेज दिया है। नड्डा ने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ताओं को सरकार और जनता के बीच संपर्क सूत्र की तरह काम करना है ताकि सरकार की योजनाओं का पूरा फायदा जनता को मिले। मधुबनी पेंटिंग को पूरी दुनिया में पसंद किया जाता है इसकी मार्केटिंग की जरूरत है।
भाजपा पर तेजश्वी यादव ने किया तंज
भाजपा के आत्मनिर्भर बिहार के मुद्दे पर तेजश्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा क, “बीजेपी ने आत्मनिर्भर बिहार के बारे में बात की है, मैं उनको ये सलाह देना चाहूंगा कि बिहार में बीजेपी तो पहले आत्मनिर्भर हो जाए। 24 साल से अभी तक उधार के चेहरे पर निर्भर हैं।”
बीजेपी ने आत्मनिर्भर बिहार के बारे में बात की है, मैं उनको ये सलाह देना चाहूंगा कि बिहार में बीजेपी तो पहले आत्मनिर्भर हो जाए। 24 साल से अभी तक उधार के चेहरे पर निर्भर हैं: भाजपा के आत्मनिर्भर बिहार अभियान शुरू करने पर तेजस्वी यादव, राष्ट्रीय जनता दल #Bihar pic.twitter.com/xO3RP3oXuP
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 12, 2020
नीतीश-नड्डा की मुलाकात के बाद नरम पड़े चिराग
उधर लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान के तेवर की वजह से एनडीए में मची उथल पुथल पर अब विराम लगता दिख रहा है। शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में हुई नीतीश-नड्डा की मुलाकात के बाद चिराग के तेवर नरम पड़ने लगे हैं। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा का हर फैसला हमें मंजूर है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर मुझे पूरा भरोसा है और पार्टी जो भी फैसला लेगी उसमें हम साथ खड़े रहेंगे। भाजपा पहले ही कह चुकी है कि नीतीश के गठबंधन में बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे, हम इसके साथ हैं।