Saturday , September 30 2023

शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने कहा- शिया मुसलमान हैं भारतीय सेना के साथ

 लखनऊ: शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे जव्वाद नकवी ने भारत और चीन में चल रहे सीमा विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर आश्वासन दिया है की भारत के शिया मुसलमान भारतीय सेना के साथ हैं। उन्होंने कहा कि पूरे भारत के शिया मुसलमान हमेशा की तरह भारत की सीमाओं की रक्षा के लिए आपके साथ हैं।

शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद नकवी की ओर से प्रधानमंत्री को लिखे गए पत्र में उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से भारत-चीन की सेना पर तनाव की स्थिति बनी हुई है, विशेषकर गलवान घाटी में चीनी सैनिकों द्वारा भारतीय सैनिकों के साथ अमानवीय बर्ताव किया गया, जिसका जवाब हमारे वीर सैनिकों ने बहादुरी से दिया।

भारत का शिया मुसलमान हमेशा देश के साथ है- मौलाना कल्बे जव्वाद

मौलाना कल्बे जव्वाद ने आगे कहा कि गलवान घाटी की तरह चीन से लेह लद्दाख सरहद पर भी तनाव है। आपके नेतृत्व में भारत की सेना किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। मौलाना कल्बे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आश्वासन दिया कि लेह लद्दाख के शिया मुसलमान ही नहीं पूरे भारत के शिया मुसलमान हमेशा की तरह भारत की सीमाओं की रक्षा के लिए आपके साथ हैं। देश के सभी शिया मुसलमान भारतीय सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।

उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध के मौक़े पर भी शिया मुसलमानों ने भारत की सेना का पूरा साथ दिया था। उन्होंने कहा भारत की सीमाओं की रक्षा के लिए आप के द्वारा लिए गए फैसले में हमारी क़ौम देश के साथ है। वह अपने प्राणों की आहुति देने से पीछे नहीं हटेगी। अपने पत्र में उन्होंने पैगंबर हजरत मोहम्मद की हदीस का वर्णन भी किया जिसमें कहा गया है कि “देश से प्रेम ईमान की निशानी है”।

शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने कहा-  शिया मुसलमान हैं भारतीय सेना के साथ