Saturday , September 30 2023

पुआल की राख में मिला महिला का जला शव, हत्या या आत्महत्या पर छिड़ी बहस

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के उरुवा थाना क्षेत्र ग्राम बेलवा डाड़ी में बुधवार की सुबह खेत में पुआल की राख में एक महिला का शव मिलने से हडकंप मच गया। महिला का नाम आशा ओझा पत्नी राघवेंद्र ओझा है। वह 53 वर्ष की थी। पुलिस घटना को आत्महत्या बता रही है। हालांकि मृतका के घर पर खाने की दो थालियां मिली हैं। जिसमें रोटी रखी हुई थी। ऐसे में उसकी हत्या को लेकर भी संदेह उठ रहा है। मृतका के भाई ने थाने में तहरीर देकर हत्या की आशंका व्यक्त की है।

ये है पूरा मामला

बुधवार की सुबह कुछ महिलाएं खेत की तरफ निकली हुई थीं। उन्होंने के गांव विद्यासागर ओझा के खेत में पुआल की राख से धुआं उठते देखा। कुछ कुत्ते पुआल से कुछ नोच रहे थे। महिलाओं ने पास जाकर देखा तो पता चला कि उसमें एक महिला का जला हुआ शव मौजूद है। महिलाओं के शोर मचाने पर गांव के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। उन्होंने इसकी सूचना डायल 112 पर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को राख से बाहर निकलवाया। बाद में महिला की शिनाख्त आशा ओझा के रूप में की गई। पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुटी है। मृतका का पति एक संन्यासी की भांति जीवन यापन करता है। वह हफ्तों घर से गायब रहता है।

पुलिस ने कहा मानसिक रूप से बीमार थी महिला

मामले में पुलिस अधीक्षक दक्षिणी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला के विषय में पता चला है कि वह विक्षिप्त किस्म की थी। आग की चपेट में आने से उसकी मौत हुई होगी। हालांकि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है। उधर ग्रामीणों के मुताबिक महिला मानसिक रूप से बीमार नहीं थी। वह पूरी तरह से स्वस्थ व मिलनसार स्वभाव की थी।

इस बात पर हुआ संदेह

ग्रामीणों ने बताया कि आशा को घर से किसी भी कार्य से बाहर निकलना होता था तो वह घर में ताला लगाकर निकलती थी। सुबह उसका घर खुला देखकर लोगों को थोड़ा संदेह हुआ।

जांच में सभी बिंदुओं पर दिया जाएगा ध्यान- एसएसपी जोगेंद्र कुमार

मृतका की कोई संतान नहीं है। पति संन्यासियों जैसा रहता है, लेकिन वह नशे का लती है। इसी के चलते उसने कुछ वर्ष पूर्व अपनी पांच बीघा भूमि बेंच दी। एसएसपी जोगेंद्र कुमार का कहना है कि घटना की जांच कराई जाएगी। सभी बिंदुओं पर ध्यान दिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।