Saturday , September 30 2023
सीएम योगी ने नोएडा को दी 706 करोड़ रुपए की 80 परियोजनाओं की सौगात
सीएम योगी ने नोएडा को दी 706 करोड़ रुपए की 80 परियोजनाओं की सौगात

सीएम योगी ने नोएडा को दी 706 करोड़ रुपए की 80 परियोजनाओं की सौगात

लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के दूसरे दिन सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअली नोएडा में 700 करोड़ रुपए की 80 परियोजानाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि बीते चार सालों में गौतमबुद्धनगर तेजी से बदल रहा है। उन्होंने विपरीत मौसम के कारण अपने दौरे के रद्द होने पर भी मलाल जताया। बता दें कि खुद सीएम नोएडा जाने वाले थे। लेकिन मौसम सही न होने की वजह से उन्हें वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित करना पड़ा।

सीएम ने कहा कि आप लोगों ने पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान बदलते हुए गौतमबुद्ध नगर को देखा है। अकेले नोएडा अथॉरिटी ने वहां पर हजारों करोड़ रुपए  की परियोजनाओं का लोकार्पण करवाया है। यमुना एक्सप्रेस-वे अथॉरिटी ने भी विकास एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी परियोजनाओं के लोकार्पण कार्यक्रम सम्पन्न करवाए हैं। नोएडा हाट की इस प्रदर्शनी में सभी 75 जनपदों के बेहतरीन उत्पादों के स्टॉल लग रहे हैं। 10 फरवरी तक यह प्रदर्शनी निरंतर संचालित होगी। जिससे यह पता चलता है कि प्रदेश में पहले से कितनी व्यापक संभावनाएं हैं।

उत्तर प्रदेश सौभाग्यशाली है

सीएम ने कहा कि हमारा उत्तर प्रदेश सौभाग्यशाली है कि हमारे सभी 75 जनपदों में पहले से ही अपार सम्भावनाएं मौजूद हैं। इन सम्भावनाओं को ही हमने ओडीओपी की अभिनव योजना के माध्यम से प्रारंभ किया है। ओडीओपी योजना ने प्रदेश के प्रत्येक जनपद को एक पहचान दी है।
सभी जनपदों के परम्परागत उद्यम से जुड़े हस्तशिल्पियों एवं कारीगरों को एक मंच मिलने के साथ-साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं से जुड़ने का आधार भी मिला है। यमुना अथॉरिटी से जुड़े क्षेत्रों में महत्वपूर्ण निवेश की कार्यवाही आगे बढ़ रही है। हम यहां इंटरनेशनल फिल्म सिटी की कार्यवाही को भी तेजी से बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।

सीएम ने कहा कि मुझे विश्वास है कि उत्तर प्रदेश दिवस का यह कार्यक्रम केवल नोएडा के लिए ही नहीं, बल्कि आने वाले समय में पूरे प्रदेश के तीव्र विकास के लक्ष्यों को पूर्ण करने में अग्रसर होगा।

सीएम ने कहा कि पिछले 40 वर्षों से रुकी हुई पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली का असर आपको देखने को मिल रहा है। कोरोना कालखंड में हमारे सामने सबसे बड़ा चैलेंज था कि हम डोर स्टेप डिलीवरी को कैसे करें? लेकिन पीआरवी 112 ने इसे पूरा किया। इसके बाद अन्य विभागों ने भी इसे कार्य योजना में लाया है।

सेफ सिटी का काम शुरू

योगी ने कहा कि सेफ सिटी का कार्य भी आज से शुरू हुआ है। नोएडा हाट का बेहतरीन उपयोग ओडीओपी के माध्यम से हो रहा है। प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत को इस माध्यम से बढ़ावा मिल रहा है। इस ओडीओपी की सफलता का परिणाम हमें दीपावली में देखने को मिला, जब शिल्पियों-कारीगरों को इसके माध्यम से उनके जीवन में खुशहाली मिली। इसी क्रम में 10 फरवरी तक नोएडा हाट में चलने वाले इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश के 75 जिलों का उदाहरण देखने को मिलेगा। हमारे 75 जनपदों में कुछ न कुछ संभावनाएं हैं। इसी संभावनाओं को इस तरह के आयोजन से एक मंच मिला है। रोजगार सृजन के अवसर मिले हैं। इससे प्रदेश के उन्नति में भी सहायक होंगें।

40 लाख कामगार प्रवासी आए

सीएम योगी ने कहा कि कोरोनाकाल मे प्रदेश में 40 लाख कामगार प्रवासी आये थे, हमारे पास ये चुनौती थी कि इन्हें कैसे कार्य दें? लेकिन उन्हें समयबद्ध तरीके से काम दिया गया। दो दिन पहले नोएडा में एक इंडोर स्टेडियम का लोकार्पण किया गया है। दस महीने का रुका हुआ विकास अब विस्तार ले रहा है। आने वाले समय मे जेवर एयरपोर्ट को लेकर भी हम काम करने जा रहे हैं। नोएडा-ग्रेटर नोएडा में एक इंटरनेशनल फिल्म सिटी के लिए भी कार्य करने जा रहे हैं।