Tuesday , October 3 2023
मुजफ्फरनगर : राकेश टिकैत के समर्थन में महापंचायत, उमड़ा जन सैलाब
मुजफ्फरनगर : राकेश टिकैत के समर्थन में महापंचायत, उमड़ा जन सैलाब

मुजफ्फरनगर : राकेश टिकैत के समर्थन में महापंचायत, उमड़ा जन सैलाब

मुजफ्फरनगर। यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में शुक्रवार को किसान महापंचायत हुई। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में भारतीय किसान यूनियन ने महापंचायत के लिए मंच बनाया। इसमें हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। तीनों कृषि कानून को लेकर किसानों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। महापंचायत को लेकर उत्तर प्रदेश की पुलिस हाई अलर्ट पर है। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।

किसान ट्रैक्टर परेड के दौरान गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली में हुई हिंसा के बाद भारतीय किसान यूनियन ने आगे की रणनीति बनाने के लिए यह महापंचायत बुलाई है। नरेश टिकैत की अपील के बाद से ही बड़ी संख्या में किसानों का जत्था यहां पहुंचने लगा था। ट्रैक्टर पर भारत का तिरंगा और भाकियू का झंडा लगाए किसान राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पहुंचे। इस महापंचायत में किसान नेताओं के साथ सपा, कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी।

बिजनौर में धारा 144 लागू

केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में धारा 144 लागू कर सीमाएं सील कर दी गई हैं। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि गाजीपुर-दिल्ली सीमा पर धरना को गैरकानूनी घोषित किए जाने के कारण वहां किसी को भी जाने की इजाजत नहीं होगी।

बिजनौर के पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि गाजीपुर-दिल्ली सीमा पर किसानों के धरना स्थल को अवैध घोषित कर दिया गया है। इसलिए जिले में धारा 144 लागू कर सीमाएं सील कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर समेत दोपहिया और चार पहिया वाहनों को जनपद की सीमा से गाजीपुर की ओर जाने की इजाजत नहीं है। आदेश का पालन नहीं करने पर पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।