बेंगलुरू। कर्नाटक सरकार के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक केएस ईश्वरप्पा ने सोमवार को एक नए विवाद को जन्म दे दिया। भाजपा विधायक ने दावा किया कि आरएसएस का झंडा एक दिन देश का राष्ट्रीय ध्वज बनेगा। इसके साथ ही उन्होंने भगवा झंडे को त्याग की निशानी बताया है।
भाजपा विधायक केएस ईश्वरप्पा ने दावा किया कि भगवा के प्रति सम्मान की शुरुआत न तो कल हुई है और न ही आज, हजारों सालों से इसका सम्मान किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि भगवा झंडा त्याग की निशानी है। आरएसएस का इंडा एक दिन राष्ट्रीय ध्वज बनेगा, इसमें कोई शक नहीं है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि त्याग की भावना को सामने लाने के लिए आरएसएस भगवा ध्वज को सामने रखकर पूजा करता है। उन्होंने कहा कि तिरंगा संविधान के अनुसार राष्ट्र ध्वज है और हम इसे वह सम्मान देते हैं, जिसका यह हकदार है।
ईश्वरप्पा को देना पड़ा था मंत्रिपद से इस्तीफा
पूर्व मंत्री केएस ईश्वरप्पा का विवादों से पुराना नाता रहा है। पिछले महीन केएस ईश्वरप्पा को हिंदू वाहिनी के नेशनल सेक्रेटरी और ठेकेदार संतोष पाटिल की मौत में नाम सामने आने के बाद पद से इस्तीफा देना पड़ा था। दरअसल, केएस ईश्वरप्पा पर संतोष पाटिल को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था।