लखनऊ: उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की दस सीटों पर चुनाव के बीच बसपा के 7 विधायकों की बगावत और उनकी समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से बढ़ी नजदीकियों से यूपी की सियासत की गर्म हो गई। बसपा प्रमुख मायावती ने 7 बागी विधायकों को पार्टी से निष्कासित कर दिया। गुरुवार को मायावती ने जहां गेस्ट हाउस कांड का जिक्र देते हुए मुलायम सिंह यादव के खिलाफ केस वापस लेने पर अफसोस जताया, वहीं अखिलेश यादव को दलित विरोधी करार दिया। यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव में गठबंधन करना भूल थी। मायावती ने MLC चुनाव में सपा को हराने के लिए भाजपा का समर्थन करने का भी दावा किया है। इससे सपा-बसपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। वहीं, इस प्रकरण में कांग्रेस भी कूद पड़ी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने महज छह शब्दों का एक वाक्य ट्वीट कर मायावती पर बड़ा हमला बोला है।
इसके बाद भी कुछ बाकी है? pic.twitter.com/WGNxMWq9gh
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) October 29, 2020
बसपा है भाजपा की बी टीम- अभिषेक मिश्रा
पूर्व कैबिनेट मंत्री व सपा के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक मिश्रा ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने हर रिश्तों का निर्वहन करना जानती है। जो पार्टी लोकसभा चुनाव में जीरो सीट पर थी, उस पार्टी को हमारी पार्टी से गठबंधन के बाद 10 सीट हासिल हुई। मायावती ने भाजपा को समर्थन करने का दावा किया है। इससे साबित हो गया बसपा, भाजपा की बी टीम है। गठबंधन का जो धर्म था, हमने पूरी ईमानदारी और निष्ठा से पालन किया था। यही कारण था कार्यकर्ता से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक बसपा के समर्थन में उतरा था। बसपा के मूवमेंट जो लगे थे, उनको अब अखिलेश यादव में एक आशा की किरण दिख रही है। आने वाले वक्त में सब लोग मिलकर समाजवादी पार्टी को मजबूत करेंगे। अब लड़ाई उत्तर प्रदेश में सिर्फ समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच बचेगी और बाकी पार्टियां,अब इस निर्णय के बाद,खत्म हो चुकी है।
संजय सिंह ने भी किया ट्वीट
2022 के विधान सभा चुनाव में बहन जी का चुनाव निशान होगा।
“हाथी के सूँड़ में कमल का फूल”— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) October 29, 2020
भाजपा ने बोला सपा पर हमला
उत्तर प्रदेश सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री मोहसिन रजा ने कहा कि समाजवादी पार्टी मायावती की हत्या करवाना चाहती थी और उन्होंने जो फैसला लिया उनसे मुकदमा वापस लेने का, अब उसका उन्हें पछतावा है। सपा की बुनियाद ही हत्या से रखी हुई है। हम मायावती को बताना चाहते हैं आप पर हमला हुआ था तब भी भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने आपकी जान पर खेलकर आपकी सुरक्षा की थी और आज भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। हम मायावती को आश्वस्त करना चाहते हैं कि, आपकी सुरक्षा करना आज भी हमारा कर्तव्य। आज प्रदेश में सीएम योगी की सरकार है। 24 करोड़ की जनसंख्या की रक्षा करना हमारी सरकार का कर्तव्य है। भाजपा ने आपको समर्थन करके उस समय मुख्यमंत्री बनवाया था।