बागपत। अपनी पत्नी को ढुंढने के लिए एक युवक ने सीएम योगी आदित्यनाथ से हाथ जोड़कर पत्नी वापस दिलवाने की गुहार लगाई है। पूरा मामला उत्तर प्रदेश के बागपत का है। युवक का आरोप है कि उसने ऊंची जाति की लड़की से लव मैरिज किया था, जिसके बाद पत्नी के परिजन उनको उठा ले गए। पिछले काफी समय से युवक का पत्नी से सम्पर्क नहीं हो पाया है। इस कारण उसने परिजनों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसका यह भी आरोप है कि लड़की के परिजन उसकी भी हत्या करने की धमकी दे रहे हैं।
पत्नी की तलाश कर थक चुके पीड़ित पति ने सीएम योगी से हाथ जोड़कर मदद की गुहार लगाई है। युवक ने अपनी पत्नी के साथ का वीडियो भी वायरल किया है, जिसमें वह शादी के बाद परिजनों से जान का खतरा बता रहे हैं। लड़का और लड़की बागपत के मुकंदपुर ओवटी गांव के रहने वाले हैं। लड़के का नाम कुलदीप है और लड़की का नाम प्रिया है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं, जिनमें पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने 2 महीने पहले घर से फरार होकर कोर्ट मैरिज कर ली थी। दोनो साथ रह रहे थे।
आरोप है कि कुछ दिन पहले महिला के परिजन उनको बहला-फुसलाकर घर ले आये। जिसके बाद से दोनों का संपर्क नहीं हो पाया है।लड़के का आरोप है कि पुलिस भी उसकी सुनवाई नहीं कर रही है। जिस कारण वह दर बदर की ठोकर खा रहा है और अपनी पत्नी की तलाश कर रहा है। उसने आशंका जाहिर की है कि उसकी पत्नी की हत्या कर दी गई है।